अयोध्या फैसले को लेकर बीजेपी ने आज दिल्ली में बड़ी बैठक बुलाई

राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद पर शनिवार सुबह 10.30 पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला आना है. अयोध्या में यह विवाद सदियों से चला आ रहा था. अब इस विवाद का खात्मा होने वाला है. अयोध्या फैसले को लेकर बीजेपी ने आज दिल्ली में बड़ी बैठक बुलाई है . जानकारी के मुताबिक सुबह 10:30 बजे सभी बड़े नेताओं की बैठक होगी. बताया जा रहा है कि इस बैठक में अमित शाह समेत सभी बड़े नेता शामिल होंगे.

इस बीच यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता से अपील की है कि वे प्रदेश में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें. योगी ने अपने अपील में कहा है कि प्रशासन सभी की सुरक्षा व प्रदेश में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कटिबद्ध है. कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने प्रदेश की जनता से यह भी अपील की है कि आने वाले फैसले को जीत-हार के साथ जोड़कर न देखा जाए. अफवाहों पर कतई ध्यान न दें.

अयोध्या में धारा 144 लागू है. साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. अयोध्या में अर्धसैनिक बलों के 4000 जवानों को तैनात किया गया है. लोगों से संयम बरतने की अपील की गई है. सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है.

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एहतियातन पूरे प्रदेश में स्कूल, कॉलेज, एजुकेशनल सेंटर और ट्रेनिंग सेंटर बंद रखने का फैसला लिया है. जानकारी के मुताबिक यूपी में 9 से 11 नवंबर तक स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित की गई है.

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube