करकरे पर साध्वी प्रज्ञा के बयान से भाजपा ने पल्ला झाड़ा

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर के बयान से पल्ला झाड़ते हुए शुक्रवार को कहा कि मुंबई 26/11 हमले में आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) के प्रमुख हेमंत करकरे ने आतंकवादियों का मुकाबला करते हुए वीरगति प्राप्त की थी। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि पार्टी का स्पष्ट मानना है कि स्वर्गीय हेमंत करकरे आतंवादियों से लड़ते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे। भाजपा ने हमेशा उन्हें शहीद माना है। बलूनी ने कहा कि जहां तक इस बारे में साध्वी प्रज्ञा के बयान की बात है तो वह उनका निजी विचार है जो वर्षों तक उन्हें हुई शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के कारण दिया गया होगा।

पार्टी के एक अन्य प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा कि भाजपा मातृभूमि के लिए बलिदान करने वाले देश के हर बेटे-बेटी का सम्मान करती है। हम हेमंत करकरे की शहादत को सलाम करते हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। कोहली ने कहा कि साध्वी प्रज्ञा ने यह बयान जांच के दौरान उन्हें पहुंची पीड़ा के कारण दिया होगा। उल्लेखनीय है कि हाल ही में भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ने 26/11 मुंबई हमले में शहीद हुए एटीएस चीफ हेमंत करकरे को लेकर विवादित बयान दिया था। अपने बयान में प्रज्ञा ने स्वर्गीय करकरे को देशद्रोही और रावण कहा था।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube