किसान रैली में भाग लेने प्रियंका वाड्रा पहुंची वाराणसी, एयरपोर्ट पर स्वागत

वाराणसी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा रविवार को मिशन 2022 का शंखनाद करने वाराणसी पहुंची।

बाबतपुर एयरपोर्ट पर पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, पूर्व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद डॉ राजेश मिश्र, आराधना मिश्रा, पूर्व मंत्री अजय राय, वाराणसी जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पांडेय आदि ने प्रियंका का गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां कुछ देर पार्टी नेताओं से बातचीत के बाद प्रियंका बाबा विश्वनाथ के दर्शन पूजन के लिए शहर के लिए वाहनों के काफिले में रवाना हो गई।

बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन कर प्रियंका दुर्गाकुंड स्थित कूष्मांडा दरबार में भी हाजिरी लगायेंगी। शिव और शक्ति से आशीर्वाद लेने के बाद प्रियंका वाड्रा जगतपुर इंटर कालेज में आयोजित जनसभा को सम्बोधित कर सरकार पर निशाना साधेंगी। लखीमपुर खीरी प्रकरण में किसानों के हक के लिए मुखर प्रियंका सभा के जरिये पूर्वांचल में पार्टी के लिए चुनावी जमीन भी तैयार करेंगी। प्रियंका वाड्रा की पूरी कोशिश है कि पूर्वांचल में भी नए कृषि कानून मुद्दा बने। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में रैली के जरिये प्रियंका प्रदेश में मजबूत उपस्थिति के लिए भी प्रयास करेगी।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube