खुद को साबित करने उतरेंगे शुभमन गिल- श्रेयस अय्यर, आसान नहीं होगी राह

भारतीय टीम से बाहर टी-20 बल्लेबाज शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर जब इंडियन प्रीमियर लीग के पहले मैच में क्रमश: गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स की अगुआई करेंगे तो उनका इरादा खुद को साबित करने का भी होगा।

भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान गिल को टी-20 टीम का उपकप्तान बनाया गया था, लेकिन बाद में विश्व कप टीम से बाहर कर दिया गया। उनकी जगह संजू सैमसन को चुना गया था जिनका भारत की खिताबी जीत में अहम योगदान रहा।

गिल का बल्ला चमका

वर्ष 2023 के बाद से आईपीएल में गिल से ज्यादा रन सिर्फ विराट कोहली ने बनाए हैं, लेकिन अब फोकस निरंतरता की बजाय स्ट्राइक रेट पर है। गिल का टी-20 करियर का स्ट्राइक रेट 138 है, लेकिन पिछले साल उन्होंने 155 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। अब बल्लेबाजी कोच के तौर पर मैथ्यू हेडन स्टाफ का हिस्सा है लिहाजा गिल की छक्के मारने के कौशल और बल्लेबाजी पर नजर रखी जाएगी।

हार्दिक पांड्या के जाने के बाद से गिल ने कप्तानी का जिम्मा भी बखूबी संभाला है। अपने पदार्पण वर्ष 2022 में आईपीएल खिताब जीतने वाली गुजरात टाइटंस पिछले साल तीसरे स्थान पर रही। एक बार फिर टीम काफी संतुलित लग रही है। प्रारंभिक बल्लेबाज गिल और साई सुदर्शन सबसे बड़ी ताकत हैं। सुदर्शन ने पिछले सत्र में सर्वाधिक 759 रन बनाये थे। वह पसली के फ्रेक्चर से उबरकर लौट रहे हैं लेकिन घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है। गुजरात के पास विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र जैसे विकल्प भी हैं जिन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 160 से ऊपर की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।

श्रेयस पर बहुत कुछ निर्भर करेगा

पंजाब किंग्स के लिए एक बार फिर श्रेयस पर बहुत कुछ निर्भर करेगा जो तीन अलग अलग टीमों को आईपीएल फाइनल तक ले जा चुके हैं। उनकी कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स 2020 में और पंजाब पिछले सत्र में फाइनल तक पहुंची जबकि केकेआर ने 2024 में खिताब जीता था। लगातार अच्छे प्रदर्शन के बावजूद श्रेयस को भारतीय टी-20 टीम में जगह नहीं मिली और भारत के लिए आखिरी टी-20 उन्होंने दिसंबर 2023 में खेला था।

पिछले सत्र में उन्होंने 175 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 604 रन बनाए थे। वह एशिया कप और टी-20 विश्व कप टीम में जगह नहीं बना सके थे। पंजाब की ताकत उसके भारतीय क्रिकेटरों में है जिनमें प्रारंभिक बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य शामिल है। हालांकि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनका बल्ला खामोश रहा था।

मध्यक्रम में निहाल वढेरा, शशांक सिंह और सूर्यांश शेडगे हैं जिनका सामना राशिद खान की अगुवाई में बेहतरीन स्पिन आक्रमण से होगा।

टीमें:

पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), निहाल वढेरा, विष्णु विनोद, हरनूर पन्नू , पाइला अविनाश, प्रभसिमरन सिंह, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, हरप्रीत बरार , मार्को यानसेन, अजमतुल्लाह ओमरजइ, प्रियांश आर्य, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे, मिच ओवेन, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, विशाख विजयकुमार, यश ठाकुर, जेवियर बार्टलेट, प्रवीण दुबे और विशाल निषाद।

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, अनुज रावत, टाम बेंटोन, ग्लेन फिलिप्स, निशांत सिंधू, वाशिंगटन सुंदर, मोहम्मद अरशद खान, साई किशोर, जयंत यादव, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, शाहरुख खान, कागिसो रबादा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुतार, गुरनूर सिंह बरार, ईशांत शर्मा, अशोक शर्मा, ल्यूक वुड, कुलवंत खेजरोलिया, राशिद खान।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube