खेलो इंडिया (हॉकी) : हरियाणा की बेटियों ने अंडर-21 वर्ग का खिताब भी जीता

पुणे : हरियाणा ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी) में लड़कियों के अंडर-21 हॉकी वर्ग का खिताब जीत लिया है। खिताबी मुकाबले में हरियाणा ने झारखंड को 3-0 से हराया, जबकि पंजाब ने ओडिशा को 2-1 से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा किया। झारखंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में हरियाणा ने आक्रामक शुरूआत की और मैच के 10वें मिनट में ही महिमा चौधरी ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। मध्यांतर के सात मिनट पहले अमनदीप कौर ने हरियाणा के लिए दूसरा गोल किया। मध्यांतर के पांच मिनट बाद मैच के 35वें मिनट में अमरिंदर कौर ने तीसरा गोल कर हरियाणा को 3-0 से आगे कर दिया और यही स्कोर निर्णायक साबित हुआ।

इस खिताबी जीत के साथ ही हरियाणा ने हॉकी स्पर्धा में तीन खिताब अपने नाम किये। इससे पहले हरियाणा ने लड़कियों व लड़कों के अंडर-17 वर्ग का खिताब भी जीता था। इसके अलावा लड़कों कें अंडर-12 वर्ग में हरियाणा ने रजत पदक जीता था। इससे पहले आज सुबह तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में पंजाब ने ओडिशा को 2-1 से शिकस्त दी। इस मुकाबले के 18वें मिनट में रोजिता कुजुर ने गोल कर ओडिशा को 1-0 की बढ़त दिला दी थी, लेकिन पंजाब की स्ट्राइकर काजल ने इसके बाद दो गोल कर अपनी टीम को 2-1 से जीत दिला दी।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube