जल्द शुरू होने वाला है नया शो ‘शौर्य और अनोखी की कहानी’

इन दिनों कई नए-नए शोज शुरू हो रहे हैं। वैसे इसी लिस्ट में शामिल हुआ है ‘शौर्य और अनोखी की कहानी’। यह एक नया शो है जो जल्द ही स्टार प्लस पर आने वाला है। इस शो को टोनी सिंह द्वारा लाया जाने वाला है और अब यह पूरी तरह तैयार है। बताया जा रहा है इस शो की कहानी एक साधारण लड़की की कहानी पर केंद्रित है जो पुरुष प्रधान समाज और रूढ़िवादी सोच के चलते उनपर आने वाली विभिन्न चुनौतियों का सामना करती है।

इस कहानी को पंजाब की पृष्ठभूमि पर आधारित बनाया गया है और इस शो में करणवीर शर्मा (शौर्य सभरवाल) और देबतमा साहा (अनोखी भल्ला) मुख्य भूमिकाओं में नज़र आने वाले हैं। वैसे इसी शो के जरिये देबतमा अपने एक्टिंग करियर में दूसरी बार मुख्य भूमिका में दिखाई देने वाली हैं। हाल ही में अपने नए शो के बारे में बात करते हुए एक वेबसाइट से देबतमा साहा ने कहा, ‘इससे बेहतर किरदार मुझे नहीं मिल सकता था। अनोखी की भूमिका मेरे लिए वाकई खास है। यह एक ऐसा शो है, जिसे मैं हमेशा से करना चाहती थी। यह शो न सिर्फ महिलाओं के उत्साह को बढ़ाता है बल्कि उन्हें प्रेरित भी करता है, जिससे उन्हें संतुष्टि महसूस होगी। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस कहानी के संदेश को दिल से महसूस करेंगे।’

वैसे इन दोनों स्टार्स के अलावा इस शो में सूरज थापर, पंकज कालरा, प्युमोरी घोष, ख़ालिद सिद्दीकी, दीपा परब, हर्ष वशिष्ठ और रीमा वोरा जैसे लोकप्रिय कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। बताया जा रहा है यह शो इसी महीने यानी दिसंबर के महीने में स्टार प्लस पर प्रसारित होगा।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube