पूर्व मंत्री आशीष शेलार के विरुद्ध मामला दर्ज

मुंबई। मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर ने पूर्व मंत्री आशीष शेलार पर विवादित टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए बुधवार रात मरीन ड्राईव पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। इस मामले की जांच मरीन ड्राईव पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

आशीष शेलार ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि उन्होंने मुंबई में बन रहे कोस्टल रोड मामले में हो रही अनियमितताओं को उजागर किया था। इसी वजह से महापौर ने उनके विरुद्ध सरकारी मशीनरी का उपयोग कर गलत ढंग से मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने दावा किया कि महापौर के विरुद्ध कोई भी गलत टिप्पणी उन्होंने नहीं की और वे कानूनी रूप से इस मामले का सामना करेंगे।

उल्लेखनीय है कि आशीष शेलार ने महापौर किशोरी पेडणेकर पर वरली अग्रिकांड में बच्चे की मौत के 72 घंटे बाद अस्पताल पहुंचने का आरोप लगाया था। आशीष शेलार ने इस संबंध में टिप्पणी भी की थी।

आशीष शेलार की टिप्पणी को विवादित बताते हुए शिवसेना की महिला पदाधिकारी, मुंबई के सह पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटिल से मिलीं थीं। खुद महापौर ने गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल को भी आशीष शेलार पर कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था।

बुधवार रात मरीन ड्राईव पुलिस स्टेशन में आशीष शेलार के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार को आशीष शेलार समर्थक सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube