बदरीनाथ में बर्फबारी से कई दुकानें ध्वस्त

बदरीनाथ धाम में भारी बर्फबारी से कई दुकानें ध्वस्त हो गईं। कई निर्माणाधीन मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। यहां  रह रहे मंदिर समिति के 25 कर्मचारी, पुलिसकर्मी और साधु सुरक्षित हैं। बदरीनाथ में हालांकि, शुक्रवार को मौसम खुला रहा। लेकिन, इस धाम में नौ फीट बर्फ गिरी है। स्थानीय व्यापारी गौरव चौधरी ने बताया कि भारी बर्फबारी से साकेत चौराहे के सामने की 8 से 10 दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया, आधा दर्जन निर्माणाधीन घरों को भी नुकसान पहुंचा है। बदरीनाथ में इन दिनों बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी और साधु रह रहे हैं। यह सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि उनके पास अभी तक दुकानों के ध्वस्त होने की सूचना नहीं आई है। उन्होंने बताया कि संबंधित कर्मचारियों से जानकारी मांगी गई है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube