बिहार की माटी ने हमें रवि किशन बनाया, अब हमें कुछ करना है!

बिहार में भोजपुरी फिल्मों के विकास के लिए सुशील मोदी से मिले रवि किशन

पटना : भोजपुरी फिल्म स्‍टार रवि किशन ने मंगलवार को भोजपुरी सिनेमा के विकास में राज्‍य सरकार के सहयोग के मुद्दे पर बिहार के वित्तमंत्री सह उपमुख्‍यमंत्री सुशील कुमार मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई। सुशील मोदी ने उनकी मांगों पर विचार करने का आश्‍वासन दिया है। उन्‍होंने उपमुख्‍यमंत्री के सामने राज्‍यभर के छोटे शहरों और कस्‍बों में 500 थियेटरों का चेन लाने की इच्‍छा जताई। उल्लेखनीय है कि रवि किशन भाजपा के नेता भी हैं।

उपमुख्‍यमंत्री से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुये रवि किशन ने कहा कि उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से हमारी मुलाकात बेहद सकारात्‍मक रही । हमने उनसे कहा कि आज भोजपुरी सिनेमा की दशा और दिशा बदली है। दूसरे राज्‍यों में भोजपुरी फिल्‍मों की शूटिंग में सरकार का बेहतर सहयोग मिलता है। यूपी और झारखंड में तो सरकार सब्सिडी भी देती है। मगर बिहार की भाषा भोजपुरी अपनी ही माटी में सरकार की उपेक्षा की शिकार है। इसलिए हमने उनसे आग्रह भी किया कि बिहार में भोजपुरी सिनेमा के विकास के लिए सरकार की ओर सब्सिडी दी जाये।

रवि किशन ने कहा कि हमारी इच्‍छा बिहार में 500 थियेटरों का चेन लाने की है। इसके लिए हमें राज्‍य सरकार की मदद की जरुरत होगी। उन्‍होंने कहा कि बिहार की माटी ने हमें रवि किशन बनाया है। इसलिए हम यहां सिनेमा के विकास के लिए कुछ करना चाहते हैं। इसी दिशा में 500 थियटरों का चेन लाना चाहते हैं, जो तकरीबन 100 के आसपास सीट वाली होगी। इसके लिए हम सरकार से जमीन व अन्‍य मदद की अपेक्षा करते हैं।उन्‍होंने कहा कि समाज और प्रदेश की तरक्‍की में सिनेमा का भी बहुत महत्‍व है, यही वजह है कि हमने अपने प्रस्‍ताव से उपमुख्‍यमंत्री सुशील मोदी को अवगत कराया।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube