भाजपा नेताओं का इंतजार हुआ खत्म, सरकार में बांटे जाएंगे दायित्व

देहरादून। मार्च 2017 में सूबे में सत्ता संभालने के बीस महीने बाद आखिरकार भाजपा नेताओं की मुराद पूरी होने जा रही है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने जन्मदिन के अवसर पर पार्टी नेताओं के बीच दायित्व वितरण पर मुहर लगा दी है। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक जल्द इस संबंध में विधिवत आदेश जारी कर दिए जाएंगे। 

पहले चरण में लगभग डेढ़ दर्जन नेताओं को दायित्वों की सौगात मिलने जा रही है। इनमें से कुछ पद कैबिनेट मंत्री तो अन्य राज्य मंत्री पद के समकक्ष दर्जे के होंगे। 

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पिछले वर्ष 18 मार्च को उत्तराखंड सरकार की कमान संभाली थी। 70 सदस्यीय विधानसभा में 57 सीटें जीत भारी भरकम बहुमत से सत्ता में आई भाजपा के नेता तब से ही लगातार इस बात का इंतजार कर रहे थे कि उन्हें भी सत्ता में हिस्सेदारी का मौका मिले। 

हालांकि, इस दौरान कुछ चुनिंदा पदों पर सरकार ने जरूर नियुक्तियां की। इससे भाजपा नेताओं की मुराद पूरी नहीं हुई। इस बीच कई दफा दायित्व बंटवारे को लेकर दून से दिल्ली तक बैठकों के दौर चले लेकिन मामला अंजाम तक नहीं पहुंच पाया। 

कुछ महीने पहले लगभग 30 नामों को दिल्ली दरबार से भी हरी झंडी मिलने की चर्चा रही लेकिन भाजपा नेताओं का इंतजार खत्म नहीं हुआ। तब कहा गया कि नगर निकाय चुनाव के बाद दायित्व बांटे जाएंगे और ऐसा ही हुआ भी। 

निकाय चुनाव के नतीजे आने के एक महीने बाद ही सही, अब सरकार ने दायित्व वितरण पर मुहर लगा दी। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री के अनुमोदन के बाद  शुक्रवार को लगभग डेढ़ दर्जन भाजपा नेताओं को मंत्री पद के समकक्ष पदों पर नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। इनमें विभिन्न निगम, आयोग, परिषदों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद शामिल हैं। 

जिन डेढ़ दर्जन नेताओं को पहले चरण में दायित्व मिलने जा रहे हैं उनमें गैर विधायक ही शामिल हैं। इसमें संगठन से जुड़े लोगों को ही तवच्जो दी गई है। सूत्रों के मुताबिक दायित्व  पाने वालों में केदार जोशी, नरेश बंसल, गजराज सिंह बिष्ट, ज्ञान सिंह नेगी, मोहन प्रसाद थपलियाल, शमशेर सत्याल, डा विनोद आर्य, विजया बड़थ्वाल, महावीर रांगड़, डा आरके जैन, शमीम आलम के नाम मुख्यतया शामिल हैं। 

सूत्रों ने बताया कि कुल मिलाकर लगभग 40 पार्टी नेताओं को दायित्व दिए जाएंगे। दूसरे चरण में जल्द ही दायित्वों का वितरण किया जाएगा।  गौरतलब है कि गुरुवार 20 दिसंबर को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का जन्मदिन था। पार्टी नेताओं को दायित्व बांटने का फैसला कर मुख्यमंत्री ने एक तरह से उन्हें अपने जन्मदिन पर रिटर्न गिफ्ट से नवाजने की तैयारी की है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube