मिसाइल हमलों से भड़का UAE, ईरान के साथ सभी व्यापारिक और वित्तीय लेन-देन पर लगाई रोक

मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने ईरान के साथ सभी प्रकार के व्यापारिक और वित्तीय लेन-देन को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की घोषणा की है।

UAE के विदेश मंत्रालय की संचार निदेशक अफरा अल हामेली ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव को देखते हुए यह सख्त कदम उठाया गया है और यह रोक अगली सूचना तक जारी रहेगी।

मिसाइल हमलों के बाद लिया फैसला

यह कड़ा फैसला UAE की ओर से ईरान पर समुद्री सीमा के भीतर और बाहर दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागने के आरोप के बाद आया है। UAE के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, उनकी एयर डिफेंस प्रणाली ने ईरान की तरफ से आती दो बैलिस्टिक मिसाइलों को ट्रैक किया, जो समुद्री जहाजों को निशाना बना रही थीं और समुद्र में गिरीं।

इस घटना के दौरान स्थानीय निवासियों को संभावित मिसाइल हमले की चेतावनी देने वाला आपातकालीन फोन अलर्ट जारी कर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया। हालांकि, यह अलर्ट कुछ समय बाद हटा लिया गया।

ईरान ने आरोपों को किया खारिज

दूसरी ओर, ईरान ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। तेहरान में ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने कहा कि UAE के दावे पूरी तरह से बेबुनियाद हैं और ऐसे आरोप क्षेत्रीय सुरक्षा प्रयासों को नुकसान पहुंचाते हैं।

फिर भी, ईरान ने चेतावनी दी है कि होर्मुज जलडमरूमध्य तब तक बंद रहेगा जब तक अमेरिका के साथ कोई शांति समझौता नहीं हो जाता।

UAE पर 3 हजार से ज्यादा मिसाइल और ड्रोन हमले

गौरतलब है कि 28 फरवरी को मध्य पूर्व में युद्ध शुरू होने के बाद से UAE को ईरान के सबसे भीषण हमलों का सामना करना पड़ा है, जिसके तहत उस पर लगभग 3,000 मिसाइलें और ड्रोन दागे जा चुके हैं।

हाल के हफ्तों में ADNOC के तेल टैंकरों पर भी लगातार हमले हुए हैं। जून में हुआ एक द्विपक्षीय समझौता टूटने के बाद दोनों देशों के संबंध एक बार फिर बेहद नाजुक मोड़ पर पहुंच गए हैं।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube