विराट कोहली का बजा डंका, तीसरी बार बने इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर

मुंबई। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने एक बार फिर क्रिकेट की दुनिया में अपने नाम का डंका बजाया है. कोहली को साल 2017-18 के लिए सिएट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर चुना गया है. यह तीसरा मौका है जबकि उन्होंने यह पुरस्कार हासिल किया. कोहली को इससे पहले साल 2011-12 और 2013-14 में भी यह अवॉर्ड मिला था. कोहली के अलावा शिखर धवन ने भी एक अवॉर्ड हासिल कर अपनी धमक दिखाई.

धवन-बोल्ट को भी अवॉर्ड

भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को साल का अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज जबकि न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट को साल का अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज चुना गया. अपने जमाने के मशहूर विकेटकीपर बल्लेबाज फारूख इंजीनियर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.

अग्रवाल-मयंक बने बेस्ट

भारतीय महिला टीम की ऑलराउंडर हरमनप्रीत कौर की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले साल विश्व कप में खेली गयी नाबाद 171 रन की पारी को साल की बेजोड़ पारी, मयंक अग्रवाल को साल का सर्वश्रेष्ठ घरेलू खिलाड़ी और शुभमान गिल को सर्वश्रेष्ठ अंडर-19 खिलाड़ी चुना गया.

राशिद बेस्ट टी 20 गेंदबाज

अन्य पुरस्कारों में अफगानिस्तान के राशिद खान को साल का सर्वश्रेष्ठ टी 20 गेंदबाज और न्यूजीलैंड के कोलिन मुनरो को सर्वश्रेष्ठ टी 20 बल्लेबाज का पुरस्कार मिला जबकि वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज क्रिस गेल को ‘पॉपुलर च्वाइस अवार्ड’दिया गया.

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube