सत्ता में रहते हुए कभी भी किसानों की बात नहीं करने वालों को आज किसानों की आ रही याद : भाजपा

सत्ता में रहते हुए कभी भी किसानों की बात नहीं करने वालों को आज किसानों की आ रही याद : भाजपा

लखनऊ। सत्ता में रहते हुए कभी भी किसानों की बात तक नहीं करने वाला व्यक्ति आज किसानों के हित व अहित की चिंता करने लगा है। सत्ता की लोलुपता ने यहां तक अंधा कर दिया है कि उनको यह भी नहीं पता कि उनके कार्यकाल में गन्ना किसान अपना माल गन्ना फैक्ट्रियों को देकर पांच साल तक पैसे के लिए इंतजार ही करते रह गये। भाजपा ने सरकार बनने के बाद उनके कार्यकाल का भी गन्ना बिक्री का भुगतान कराया है। ये बातें भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्र भूषण पांडेय ने कही।

उन्होंने मंगलवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीष्य अध्यक्ष अखिलेश द्वारा दिये बयान ‘भाजपा सरकार में किसानों की स्थिति बिगड़ी है’ का जवाब दे रहे थे। हिन्दुस्थान समाचार से विशेष वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किये जा रहे जनहित के कार्यों को देख अखिलेश यादव घबरा गये हैं। उन्हें आभास हो गया है कि जनता इस बार भी उनको देखने वाली नहीं है। आमजन भाजपा के जनहित कार्यों से संतुष्ट है। भाजपा के शासन काल में सबका विकास हुआ है। सड़क हो या शिक्षा व्यवस्था हर जगह विशेष प्रगति देखने को मिल रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सपा का शासन काल जब भी रहा है, तब सिर्फ अराजकता बढ़ी है। इसके सिवाय कोई काम नहीं हुआ। समाजवादी पार्टी के नेता सिर्फ मारपीट में विश्वास रखते हैं। योगी सरकार ने इस पर पूर्णतया विराम लगा दिया। इससे गुंडे या तो जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गये हैं। इस कारण सपा नेताओं को और घबराहट हो रही है, क्योंकि चुनाव में भी अराजकता फैलाने के लिए सपा हमेशा गुंडों का प्रयोग करती रही है।

चंद्रभूषण पांडेय ने कहा कि इस बार यूपी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सीटें पिछली बार से ज्यादा आने वाली हैं, क्योंकि भाजपा ने अपने वादे से ज्यादा प्रदेश में काम कराया है। किसान खुशहाल है तो युवाओं को भी घूस देकर नौकरी पाने की पद्धति से छुटकारा मिला है। अब योग्यता के आधार पर नियुक्ति होती है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube