सेल्फी के चक्कर में चली पिस्टल, फुफुेरे भाई की मौत

नई दिल्ली : नई दिल्ली जिले के बाराखंबा इलाके में रणजीत सिंह फ्लाई ओवर के पास शनिवार रात करीब ढाई बजे पिस्टल हाथ में लेकर सेल्फी खींचने के दौरान युवक से अचानक गोली चल गई। इस वाकये में कार ड्राइव कर रहे युवक को गोली लग गई। उसे फौरन लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सलमान (19) के रूप में हुई है। सलमान आरोपित के फूफा का बेटा है।

बाराखंबा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित को पकड़ा है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार सलमान परिवार के साथ जाफराबाद इलाके में रहता था। पिता शाकिर हुसैन का निजी कारोबार है। सलमान अपने मामा के लड़के सोहेल और आमिन के साथ हुंडई क्रेटा कार से इंडिया गेट घूमने गया था। यहां से तीनों फ्लाई ओवर के पास पहुंचे। सलमान कार चला रहा था। उसके पास सोहेल बैठा था। पुलिस सूत्रों के अनुसार सोहेल पिस्टल को हाथ में लेकर सेल्फी खींचने लगा। इस बीच अचानक गोली चल गई। गोली सीधा सलमान के चेहरे पर लगी। सोहेल व आमिन घायल सलमान को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल लेकर गये। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को घटना की सूचना दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube