अब महाराष्ट्र में नर्स की दुष्कर्म के बाद हत्या की कोशिश

महाराष्ट्र के गढ़चिरोली जिले में तीस साल के एक व्यक्ति ने नर्स से दुष्कर्म करने के बाद उसको मार डालने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि आरोपित व्यक्ति ने नर्स को अपनी बाइक पर लिफ्ट दी थी।

पुलिस के मुताबिक यह घटना रविवार रात की है। आरोपित की पहचान राजेश सुरेश कांबली के रूप में हुई है। उसे सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। वह पीड़िता का जानने वाला है।

बस का इंतजार कर रही थी नर्स

पुलिस ने बताया कि पीड़िता जिले के देसाईगंज में एक निजी अस्पताल में प्रशिक्षु नर्स है। रविवार को ड्यूटी खत्म कर वह रात आठ बजे घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। उसी समय कांबली बाइक से बस स्टैंड पर पहुंचा और नर्स को उसके घर छोड़ने की बात कहकर अपनी बाइक पर बिठा लिया।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता के गांव पहुंचकर कांबली उसे एक खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद उसने गला दबाकर उसको मारने की कोशिश की। वह बेहोश हो गई तो उसे मरा समझकर वहां से भाग गया। अपने साथ वह पीड़िता का मोबाइल और अन्य सामान भी लेते गया।

होश में आने के बाद पीड़िता ने परिजनों को घटना के बारे में बताया, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। सोमवार सुबह पीड़िता को एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube