कांग्रेस ने बिहार, ओडिशा व यूपी की 12 सीटों पर घोषित किये उम्मीदवार

नई दिल्ली : कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने 12 लोकसभा उम्मीदवारों की सूची जारी की। इस सूची में कांग्रेस ने बिहार से 4, ओडिशा से 7 और उत्तर प्रदेश की महाराजगंज सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किये हैं। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लोकसभा सीट महाराजगंज से तनुश्री त्रिपाठी की जगह वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय हर्षवर्धन की बेटी सुप्रिया श्रीनेत को उम्मीदवार घोषित किया है। हर्षवर्धन ने 2009 लोकसभा चुनाव में इस सीट से जीत दर्ज की थी। अब पार्टी ने उनकी पुत्री सुप्रिया पर दांव लगाया है। सुप्रिया एक अंग्रेजी समाचार चैनल में वरिष्ठ संपादक के तौर पर काम कर रही हैं। इससे पहले बाहुबली नेता अमरमणि त्रिपाठी की बेटी और नौतनवा से विधायक अमनमणि त्रिपाठी की बहन तनुश्री त्रिपाटी को टिकट दिया गया था। आज त्रिपाठी का टिकट काटकर सुप्रिया को उम्मीदवार घोषित किया है।

इसके साथ ही कांग्रेस ने बिहार के सुपौल से रंजीता रंजन को उम्मीदवार बनाया है। समस्तीपुर से डॉ. अशोक कुमार, मुंगेर से नीलम देवी और सासाराम से पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को कांग्रेस उम्मीदवार बनाया गया है। ओडिशा के क्योंझर सीट से फकीर मोहन नायक, बालासोर से नव्याज्योति पटनायक, भद्रक से मधुमिता सेठी, ढेंकनाल से ब्रिगेडियर के पी सिंहदेव, केंद्रपाड़ा से डी नायक, जगतसिंहपुर से प्रतिमा मलिक और पुरी से सत्यप्रकाश नायक को कांग्रेस का टिकट दिया गया है। इसके साथ ही पार्टी ने ओडिशा विधानसभा चुनाव के लिए लिए 20 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube