छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए अमित शाह आज जारी करेंगे BJP का संकल्प पत्र

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी आज अपना घोषणापत्र जारी करेगी। भाजपा ने इसे संकल्प पत्र का नाम दिया है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह सुबह करीब 11.30 बजे रायपुर में इसे जारी करेंगे। माना जा रहा है कि संकल्प पत्र में किसान, युवा और आदिवासी वर्ग पर खास फोकस किया गया है। धान का बोनस, आय दोगुनी करने की योजना की बात इसमें नजर आ सकती है। गरीबों और मजदूरों के लिए भी कई वादों का एलान किया जा सकता है। 

भाजपा के संकल्प पत्र में कई संभागों से मंगाए गए सुझावों को भी शामिल किए जाने की बात कही जा रही है। घोषणा पत्र समिति के पदाधिकारियों ने दुर्ग और बस्तर समेत कई संभागों से लोगों के सुझाव लिये थे। करीब चार हजार से ज्यादा सुझाव ऑनलाइन आए थे। 

बता दें कि शुक्रवार को कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र जारी किया था। इसमें किसानों की कर्जमाफी सहित कई वादे किए गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को डोंगरगढ़ में घोषणापत्र जारी कर दिया जिसे ‘जन घोषणा पत्र’ नाम दिया गया है। घोषणापत्र में किसानों और बेरोजगारों पर जोर साफ दिखाई दिया। पार्टी ने कई बड़े वादे किए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने जगदलपुर में चुनावी शंखनाद करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। जगदलपुर में सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस देश में जितने प्रधानमंत्री हुए हैं वे जितनी बार बस्तर आए होंगे, मैं उससे ज्यादा बार अकेला बस्तर आया हूं। 

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube