जमानत पर जेल से बाहर आते ही हिस्ट्रीशीटर ने किया शक्ति प्रदर्शन, पुलिस ने साथियों समेत दबोचा

जमानत पर जेल से छूटते ही हत्या के आरोपी हिस्ट्रीशीटर ने अपने साथियों के साथ जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर सभी को गिरफ्तार कर लिया।

जिले के मेहंदीपुर बालाजी में एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी ने जेल से जमानत मिलने के तुरंत बाद अपने साथियों के साथ सड़कों पर जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी गौरव प्रधान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कुछ ही मिनटों में आरोपी और उसके छह साथियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस कार्रवाई में एसयूवी, डीजे पिकअप और सात आरोपियों को अपने कब्जे में लिया।

जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी सीताराम मीना कार के सनरूफ पर खड़ा होकर अपने साथियों के साथ डीजे की धुन पर जुलूस निकालते हुए कानून का मजाक उड़ा रहा था। उसके साथ गिरफ्तार हुए साथियों में भीम मीना, महेश, आकाश, रिंकु, हरिओम उर्फ बिट्टू और नरेश शामिल हैं।

सीताराम मीना पर 8 अगस्त 2023 को हिस्ट्रीशीटर निरंजन मीना की बेरहमी से हत्या करने का आरोप था। उस दिन सीताराम और उसके साथियों ने निरंजन को गंभीर हालत में थाने के पास पटक दिया था। तत्कालीन हेड कांस्टेबल देवेंद्र शर्मा ने घायल को सिकराय अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। तब से ही सीताराम जेल में बंद था।

जमानत मिलने के बाद सीताराम मेहंदीपुर बालाजी पहुंचा और आमजन में भय कायम करने के लिए जुलूस निकाला। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर उसे और उसके साथियों को गिरफ्तार कर कानून का सख्त संदेश दिया है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube