दिल्ली में ‘आप’ से गठबंधन को कांग्रेस तैयार लेकिन अन्य राज्यों में तालमेल से इनकार

नई दिल्ली : कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी(आप) के साथ गठबंधन को लेकर चल रही चर्चा पर शुक्रवार को अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि वह राजधानी में गठबंधन को तैयार हैं लेकिन इस गठबंधन का अन्य राज्यों तक विस्तार नहीं करना चाहती। वर्तमान में दिल्ली में दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन की कोई स्थिति नहीं है और जल्द ही कांग्रेस सातों सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित करेगी। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको ने पत्रकार वार्ता में बताया कि दिल्ली में ‘आप’ और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का गठबंधन के तहत साथ काम करना आसान नहीं होगा। यह जानते हुए भी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के कहने पर भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए पार्टी गठबंधन को तैयार हो गई। ‘आप’ की ओर से संजय सिंह उनके साथ गठबंधन को लेकर संपर्क में थे।

पीसी चाको ने कहा कि ‘आप’ दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों में भी गठबंधन चाहती है। कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि अन्य राज्यों में जमीनी और व्यवहारिक स्थिति अलग है। ऐसे में उन राज्यों में गठबंधन संभव नहीं है। इसी मुद्दे पर दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन नहीं हो पाया है। चाको ने कहा कि कांग्रेस अब भी दिल्ली में गठबंधन के लिए तैयार है। चाको ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में अपनी स्थिति को देखते हुए गठबंधन के लिए हाथ बढ़ाया था। पिछली बार दिल्ली में नगर निगम के चुनावों में ‘आप’ को 26 प्रतिशत और कांग्रेस को 21 प्रतिशत वोट मिले थे। इसी को देखते हुए कांग्रेस और आप में क्रमश: तीन और चार सीटों पर लड़ने को लेकर सहमति बनी थी। कांग्रेस ‘आप’ को मर्जी की चार सीटें भी देने को तैयार थी लेकिन ‘आप’ गठबंधन का अन्य राज्यों में भी विस्तार चाहती थी।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube