दिल्ली NCR: अगले दो दिन ओले और बारिश के आसार

दिल्ली एनसीआर में शनिवार और रविवार को ओले-बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है।

फरवरी के अंतिम दिन गुरुवार को भी लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ा। सुबह तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, सफदरजंग केंद्र में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड दर्ज किया गया। सामान्य से साढ़े चार डिग्री तापामान नीचे होने और न्यूनतम तापमान दस से नीचे होने पर उसे शीतलहर जैसी स्थिति माना जाता है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस के नजदीक रह सकता है। दिन के अधिकतम तापमान में भी खासी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा, जो कि सामान्य से चार डिग्री कम है। उधर, गुरुवार को भी दिल्ली की हवा साफ-सुथरी रही।

पहली बार फरवरी में पड़ी इतनी ठंड
फरवरी के अंतिम महीने में इस बार दिसंबर और जनवरी जैसी ठंड पड़ रही है। यूं तो फरवरी महीने का सबसे कम तापमान वर्ष 1982 में नौ फरवरी को 1.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया था। फरवरी के अंतिम सप्ताह में आमतौर पर मौसम खुल जाता है और धूप के चलते सर्दी वाले कपड़े शरीर से उतर चुके होते हैं। लेकिन, इस बार फरवरी के अंतिम दिन लोगों को शीतलहर का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक ऐसा सामान्य तौर पर देखने को नहीं मिलता है।

खुल कर ले सकते हैं दिल्ली की हवा में सांस
मौसम की मेहरबानी से दिल्ली में इस समय खुलकर सांस ले सकते हैं। गुरुवार को भी दिल्ली की हवा साफ-सुथरी रही। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 170 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। हवा में घुले-मिले प्रदूषक कण पीएम 10 का स्तर 131 और पीएम 2.5 का स्तर 74.8 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube