
यूथ कांग्रेस ने नकली शराब फैक्ट्री मामले में गिरफ्तार आरोपी को पद से निष्कासित कर दिया है। गौरतलब है कि आरोपी युवा कांग्रेस का प्रदेश महासचिव था।
जिले में नकली शराब फैक्ट्री मामले में गिरफ्तार आरोपी यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव प्रकाशचंद्र जाट को संगठन ने पद से निष्कासित कर दिया है। यूथ कांग्रेस के प्रदेश संगठन ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर सौंपने के आदेश दिए गए।
जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग ने चित्तौड़गढ़ और उदयपुर में कई स्थानों पर दबिश दी। इसमें कई अंग्रेजी शराब की दुकानों और घरों से बड़ी मात्रा में अवैध और नकली शराब बरामद हुई। इसके अलावा कपासन उपखंड के वेणीपुरिया में नकली शराब बनाने की फैक्ट्री भी पकड़ी गई। इस मामले में मेवदा निवासी प्रकाशचंद्र जाट को गिरफ्तार किया गया। वह यूथ कांग्रेस प्रदेश महासचिव और ओबीसी प्रकोष्ठ के कांग्रेस जिलाध्यक्ष भी है।
गिरफ्तारी और समाचार प्रकाशन के बाद यूथ कांग्रेस के प्रदेश संगठन ने कड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी संगठन अबरार खान पठान के आदेश पर जाट को तत्काल प्रभाव से पद से निष्कासित कर दिया गया है। संभाग सह प्रभारी एवं जिला प्रभारी चित्तौड़गढ़ प्रदीप मीणा ने बताया कि संगठन अनैतिक कार्यों के समर्थन में नहीं है।
छह आरोपी रिमांड पर
जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि अब तक पावली निवासी प्रहलाद जायसवाल, वेणीपुरिया निवासी रविंद्रसिंह राठौड़, मेवदा निवासी प्रकाशचंद्र जाट, उदयपुर निवासी नरेंद्रसिंह, सिंहाना निवासी नरेन्द्रसिंह और उदयलाल सुहालका को पकड़ा गया है। इन सभी को न्यायालय के आदेश पर रिमांड पर सौंपा गया। अन्य आरोपियों की भी तलाश जारी है।
राजस्थान के बाहर भी सप्लाई
जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि नकली शराब फैक्ट्री में बनी शराब आसपास की दुकानों के अलावा जिले और प्रदेश के बाहर भी सप्लाई की जा रही थी। इसके चलते लांगच की अंग्रेजी शराब दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अधिक जानकारी सामने आएगी।
पत्नी जिला परिषद सदस्य
इसी बीच सूचना मिली है कि प्रकाश जाट की पत्नी भी जिला परिषद सदस्य हैं और कपासन विधानसभा क्षेत्र के एक वार्ड से उन्होंने हालिया चुनाव में जीत हासिल की थी।