पूर्व सांसद संजय निरुपम की अशोक चव्हाण से मुलाकात, भाजपा में शामिल होने की संभावना

मुंबई । कांग्रेस पार्टी के नेता और पूर्व सांसद संजय निरुपम की मंगलवार रात भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण से मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारे में उनके भाजपा में शामिल होने को जोरदार चर्चा होने लगी है।

दरअसल, पूर्व सांसद संजय निरुपम ने मंगलवार रात अशोक चव्हाण से उनके आवास पर मुलाकात की थी। इन दोनों नेताओं के बीच बहुत देर तक अकेले में चर्चा हुई। इसके बाद दोनों नेताओं ने इसकी अधिकृत जानकारी मीडिया को नहीं दी है। भाजपा नेता अशोक चव्हाण ने इतना ही कहा कि संजय निरुपम पुराने साथी हैं, इसलिए वे हमसे मिलने आए थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि हमारी संजय निरुपम से कोई चर्चा नहीं हुई है। राजनीतिक नेताओं से मिलने में कोई बुराई नहीं है। हम विपक्षी नेताओं से भी मिलते हैं लेकिन अगर कोई विकास के लिए आता है तो उनका स्वागत है।
लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को लगातार राजनीतिक झटके लग रहे हैं। मुंबई में पूर्व सांसद मिलिंद देवड़ा और पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी पहले ही पार्टी छोड़ चुके हैं। मिलिंद देवड़ा शिवसेना में और बाबा सिद्दीकी अजित पवार की पार्टी एनसीपी में शामिल हो गए हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण भी भाजपा में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस के पूर्व विधायक पद्माकर वलवी भी आज भाजपा में शामिल हो गए। अब देर-सवेर संजय निरुपम के भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने की चर्चा है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube