पॉजिटिव सेंटीमेंट्स के कारण रुपये में तेजी, 11 पैसा मजबूत हुआ रुपया

नई दिल्ली। शेयर बाजार की जोरदार तेजी ने आज रुपये के लिए भी पॉजिटिव सेंटीमेंट्स बना दिए। जिसकी वजह से रुपया डॉलर की तुलना में मजबूत होकर खुला। आज रुपये की कीमत में मंगलवार के बंद भाव की तुलना में 11 पैसे की मजबूती आई है। रुपये की कीमत में आई इस मजबूती के बल पर आज रुपया डॉलर की तुलना में 74.17 के स्तर पर खुला।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार यानी कल भी डॉलर की मांग घटने के कारण रुपये की कीमत में छह पैसे की मजबूती आई थी। इस मजबूती के कारण रुपया सोमवार की तुलना में मजबूत होकर 74.28 के स्तर पर बंद हुआ था।

रुपये की कीमत में आज इंटर बैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में आई मजबूती की मूल वजह जुलाई के सकारात्मक आर्थिक संकेतों को माना जा रहा है, जिसकी वजह से भारतीय बाजार में डॉलर की आवक बढ़ने की संभावना बन गई है। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में पिछले तीन दिन से लगातार हो रही गिरावट का भी मुद्रा बाजार पर असर पड़ा है। तेल की कीमत में आई कमी के कारण डॉलर की मांग में कमी आने की संभावना जताई जा रही है।

जानकारों का कहना है कि कच्चे तेल के भाव में गिरावट से रुपये पर दबाव भी कम हुआ है। इसी वजह से मुद्रा बाजार में रुपये में मजबूती का रुख दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही शेयर बाजार में तेजी के रुझान से इस बात की भी संभावना बनी है कि आज विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक बाजार में लिवाली पर ज्यादा जोर दे सकते हैं। ऐसा होने से भी मुद्रा बाजार में डॉलर की आवक बढ़ जाएगी, जिससे रुपये को मजबूती मिल सकेगी।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube