प्रधान की बेटी की शादी में हर्ष फायरिंग, गोली लगने से डांसर का जबड़ा उड़ा, दो बराती घायल

मऊ थानाक्षेत्र के टिकरा गांव में प्रधान की बेटी के शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से डांसर का जबड़ा उड़ गया, जबकि दो बराती गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद शादी समारोह में अफरातफरी मच गई और डांस पार्टी छोड़ जनाती और बराती चले गए। घायल डांसर को नाजुक हालत में प्रयागराज रेफर किया गया है। रविवार सुबह मऊ थाने में रिपोर्ट दर्ज होने पर मामला चर्चा में आया।

ग्राम प्रधान टिकरा सुघीर सिंह पटेल के घर पर बेटी की बरात मानिकपुर थानाक्षेत्र के बराहमाफी गांव से आई थी। दूल्हा अशोक कुमार बरात में डांस के लिए भरुआ सुमेरपुर, हमीरपुर से डांसर लेकर आया था। द्वारचार के बाद भोजन कर बरातियों के जनवासे लौटने पर रात करीब 12 बजे डांस शुरू हुआ। 22 वर्षीय डांसर हिना देवी सहयोगियों के साथ स्टेज पर डांस करने पहुंची तभी बरातियों ने शराब के नशे में झूमते हुए हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली जबड़े में लगने पर डांसर हिना स्टेज पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी। वहीं, दूल्हे के मामा बहिलपुरवा निवासी मिथलेश व अखिलेश सिंह के हाथ में गोली के छर्रे लगे।

घटना के बाद भगदड़ मच गई और पुलिस के आने से पहले जनाती व बराती खिसक लिए। दूल्हे के घर वालों ने हिना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। पहले पुलिस मामला दबाए रही लेकिन सुबह करीब 11 बजे मुकदमा दर्ज होने पर घटना चर्चा में आई। मऊ थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र चौरसिया ने बताया कि दूल्हे के चाचा राम प्रताप ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है, तमंचे से फायरिंग की बात सामने आई है। एएसपी बलवंत चौधरी ने बताया कि सुराग मिले हैं, दोषी को कतई बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube