प्रसिद्ध चित्रकार हरिपाल त्यागी का निधन

नई दिल्ली : प्रख्यात चित्रकार हरिपाल त्यागी का बुधवार शाम दिल्ली में निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से बीमार थे। परिजनों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, त्यागी का बुधवार शाम दिल्ली के सआदतपुर स्थित आवास पर निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को निगम बोध घाट पर किया जाएगा। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे और दो बेटियां हैं। त्यागी जनता के कलाकार नाम से विख्यात रहे। उन्होंने पूरे जीवन में एक कलाकार के रूप में अपनी शर्तों पर काम किया। वह हमेशा कला की व्यावसायिकता के खिलाफ रहे।

उन्होंने सैंकड़ों चित्र केवल साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं के लिए बनाए। हिंदी साहित्य के कवि हरिवंश राय से लेकर कमलेश्वर, मोहन राकेश, राजेंद्र यादव, नामवर सिंह, मन्नू भंडारी, हिमांशु जोशी, मंगेश डबराल आदि उनकी कलाकृतियों को हाथोंहाथ लेते थे। त्यागी की पेंटिंग्स को 70-80 के दशक में छपने वाली सभी पत्र-पत्रिकाओं की मुख्य पृष्ठ पर स्थान दिया जाता था। उनको उत्तर प्रदेश साहित्य परिषद ने वर्ष 2007 के कलाभूषण सम्मान और नई धारा रचना सम्मान से सम्मानित किया था। त्यागी की पहली पेंटिंग का उद्घाटन 13 फरवरी 1969 को मोहन राकेश ने किया था। इसका आयोजन नई दिल्ली स्थित श्रीधराणी गैलरी में किया गया था। हालांकि उनकी पेंटिंग की शुरुआत इससे काफी पहले हो चुकी थी। उनकी एक ऑयलपेंटिंग ‘वसंतसेना’ वर्ष 1961 में एक पत्रिका में प्रकाशित और प्रशंसित भी हुई थी।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube