प्रो कुश्ती लीग : विनेश और वानेसा के मुकाबले पर लगीं निगाहें

लुधियाना : प्रो कुश्ती लीग के चौथे संस्करण में मुम्बई महारथी और यूपी दंगल की टीमें अपने तीसरे मुकाबले में आमने-सामने होंगी। इनमें मुम्बई को मिली जुली सफलता हासिल हुई है, जबकि यूपी दंगल का हाल सीज़न दो जैसा होता दिख रहा है। इन दोनों टीमों की आइकन खिलाड़ियों- विनेश फोगट और वानेसा कालादज़िंसकाया के बीच मुकाबले को इस लीग का बड़ा आकर्षण कहा जा रहा है। वानेसा 2017 की विश्व चैम्पियन हैं, जबकि विनेश ने एक ही साल में एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीते हैं।

अपने पहले मैच में मुम्बई ने पिछली चैम्पियन पंजाब रॉयल्स को हराकर बड़ा उलटफेर किया था, जबकि उसे दूसरे मैच में एमपी योद्धा की टीम ने हराया था। यूपी दंगल को पहले हरियाणा हैमर्स से और फिर दिल्ली सुल्तांस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। विनेश ने पंजाब रॉयल्स की अंजू और एमपी योद्धा की रितु फोगट पर आसान जीत दर्ज की है, जबकि वानेसा का अब तक का सफर आसान नहीं रहा है। वानेसा हरियाणा हैमर्स की सीमा से मुश्किल से जीत पाईं और दूसरे मुक़ाबले में उन्हें दिल्ली सुल्तांस की पिंकी ने हराकर एक बड़ा उलटफेर किया। इसके अलावा महिलाओं के 76 और 57 तथा पुरुषों के 125 किलो पर सबकी निगाहें रहेंगी।

महिलाओं के 76 किलो में यूपी दंगल की एस्टोनियाई खिलाड़ी एप मेई के सामने वर्ल्ड चैम्पियनशिप की मेडल राउंड में पहुंचीं हंगरी की ज़ैनेत नेमेत होंगी। एप मेई ने इवान यारिगिन टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीता है। विश्व चैम्पियनशिप के पदक दौर में पहुंचीं कैथरीना को सरिता हरा चुकी हैं और अब उसी स्तर की एक अन्य खिलाड़ी बेत्ज़ाबेथ आर्गुएलो के साथ उनकी एक और कड़ी परीक्षा है। इसी तरह पुरुषों के 125 किलो में यूपी दंगल के जॉर्जी का मुक़ाबला विश्व चैम्पियनशिप के पदक विजेता बेतसीव व्लाडिस्लाव से होगा, जो यूरोपीय चैम्पियन भी हैं। जबकि जॉर्जी एशियाई चैम्पियनशिप के रजत पदक विजेता हैं।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube