
आपके घर में फर्श, दीवारें, छत किस सामग्री की है, मकान मालिक कौन है, बिजली, पानी, शौचालय की क्या स्थिति है…ऐसे तमाम सवालों का सामना करने के लिए तैयार हो जाइए। गृह मंत्रालय ने मकानों की गणना के संबंध में 33 सवालों की अधिसूचना जारी कर दी है।
उत्तराखंड में 25 अप्रैल से 24 मई के बीच मकान गणना प्रस्तावित है। इसी हिसाब से जनगणना निदेशालय ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। जल्द ही इसके लिए मास्टर ट्रेनर के प्रशिक्षण होंगे। निदेशक जनगणना ईवा आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि मकान गणना के दौरान भी जो सवाल पूछे जाएंगे, वह पूरी तरह से गोपनीय रहेंगे।
इन्हें किसी भी स्तर पर कहीं साझा नहीं किया जाता। जनगणना के लिए जिलावार प्रशिक्षण 19 से 28 फरवरी के बीच होगी। इन प्रशिक्षणों में चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक, सेंसस क्लर्क को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण सत्रों में नए प्रावधानों, प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं जैसे सीएमएमएस पोर्टल की जानकारी दी जाएगी।
इस बार ये 33 सवाल
- भवन नंबर (नगर या स्थानीय प्राधिकरण या जनगणना नंबर)
- जनगणना मकान नंबर
- जनगणना मकान के फर्श में प्रयुक्त सामग्री (मिट्टी, सीमेंट, टाइल, पत्थर आदि)
- मकान की दीवार में प्रयुक्त सामग्री (मिट्टी, सीमेंट आदि)
- मकान की छत में प्रयुक्त सामग्री (मिट्टी, सीमेंट आदि)
- मकान का उपयोग
- मकान की हालत (अच्छी, कच्ची छत, कंक्रीट छत आदि)
- परिवार क्रमांक
- परिवार में रहने वाले व्यक्तियों की कुल संख्या
- परिवार के मुखिया का नाम
- परिवार के मुखिया का लिंग
- क्या परिवार का मुखिया अनुसूचित जाति, जनजाति या अन्य से संबंधित है
- मकान के स्वामित्व की स्थिति
- परिवार के पास रहने के लिए उपलब्ध कमरे (वन रूम, टू रूम, थ्री रूम आदि)
- परिवार में रहने वाले विवाहित दंपतियों की संख्या
- पेयजल का मुख्य स्त्रोत (टैप वाटर, ट्यूबवेल, हैंडपंप या अन्य)
- पेयजल स्त्रोत की उपलब्धता
- प्रकाश का मुख्य स्त्रोत (बिजली, सोलर बिजली, केरोसिन आदि)
- शौचालय की सुलभता
- शौचालय का प्रकार
- गंदे पानी की निकासी (खुली, ढकी नाली या कोई नहीं)
- बाथरूम की उपलब्धता
- रसोईघर और एलपीजी, पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता
- खाना पकाने के लिए प्रयुक्त ईंधन (एलपीजी या पीएनजी)
- रेडियो, ट्रांजिस्टर
- टेलीविजन
- इंटरनेट सुविधा
- लैपटॉप, कंप्यूटर
- टेलीफोन, मोबाइल फोन, स्मार्ट फोन
- साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मोपेड
- कार, जीप, वैन
- परिवार द्वारा उपभोग किया जाने वाला मुख्य अनाज
- मोबाइल नंबर (केवल जनगणना संबंधी सूचना के लिए)



