यूक्रेन की मदद को चंदा, 90 हजार पाउंड में बिकी जेलेंस्की की जैकेट

लंदन। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूक्रेन की मदद की कोशिशें हो रही हैं। लंदन में यूक्रेन की मदद के लिए चंदा जुटाने की पहल हुई है। इसके लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलादिमीर जेलेंस्की की जैकेट लंदन में नीलाम की गई। जेलेंस्की के हस्ताक्षरों वाली यह ऊनी जैकेट 90 हजार पाउंड यानी 1.11 लाख डॉलर में बिकी।

लगभग ढाई माह पहले 24 फरवरी को रूस ने यूक्रेन पर आक्रमण किया था। उस समय युद्ध के शुरुआती दिनों में जेलेंस्की को यूक्रेन की राजधानी कीव की सड़कों पर घूमते देखा गया था। उस समय जेलेंस्की की ऊनी जैकेट की भी चर्चा हुई थी। अब वही ऊनी जैकेट नीलाम की गई है। यूक्रेन के लंदन स्थित दूतावास ने ट्विटर पर एक वीडियो जारी कर कहा कि जब जंग छिड़ी थी, तब दुनिया को भरोसा नहीं था कि यूक्रेन तीन दिन से ज्यादा जंग झेल सकेगा, लेकिन उसने लंबे समय तक मैदान संभाल रखा है। तब पूरी दुनिया ने एक साधारण जैकेट पहनकर कीव में घूमते हुए जेलेंस्की को देखा था और आज वही नायाब जैकेट नीलामी के लिए प्रदर्शित की गई है।

यूक्रेन के लंदन दूतावास के अनुसार, ‘बहादुर यूक्रेन’ नाम से यह धन एकत्रीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान यूक्रेन की बहादुरी की कहानियां बताई जा रही हैं। इनके माध्यम से जंग से तबाह हो चुके देश के लिए चंदा जुटाया जा रहा है। इस अभियान में यूक्रेन की प्रथम महिला ओलेना जेलेंस्की द्वारा दान किए गए खिलौने और लंदन में टेट मॉडर्न आर्ट गैलरी में दिवंगत फोटोग्राफर मैक्स लेविन की तस्वीरें भी नीलाम की गईं। अभियान के तहत अब तक यूक्रेन में मानवीय सहायता के लिए 10 लाख डॉलर से अधिक की राशि जुटाई गई। इस राशि का उपयोग पश्चिमी यूक्रेन के विशेष बाल अस्पताल में उपकरणों की पुन: व्यवस्था करने में खासतौर से किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube