रक्षाबंधन पर भाई-बहन पौधरोपण के साथ लेंगे पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उत्तर प्रदेश में पर्यावरण वनाच्छादन बढ़ाने की पहल तेजी से रंग ला रही है। वन विभाग की पहल पर अब रक्षाबंधन पर भाई-बहन के रिश्ते को और प्रगाढ़ता देते हुए पौधरोपण कराया जाएगा। रक्षाबंधन पर भाई-बहन पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लेंगे। ‘पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ जनअभियान-2024’ के तहत सोमवार को लखनऊ में कुकरैल स्थित विरासत वृक्ष वाटिका में भाई-बहन ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौध रोपण करेंगे। वन विभाग ने इस पुनीत अवसर के लिए कई भाई-बहनों से संपर्क भी साधा है। वहीं पौधों को रक्षासूत्र बांधकर पेड़ बनाने तक का संकल्प लिया जाएगा। यहां आम लोग भी पौधरोपण कर सकेंगे। सीएम योगी के हरित आवरण को बढ़ाने के उद्देश्य को लेकर लखनऊ के साथ ही अन्य वन प्रभागों में भी इस पहल को मूर्त रूप दिया जाएगा।

कुकरैल स्थित विरासत वृक्ष वाटिका के पास किए जाएंगे पौधरोपण

रक्षाबंधन पर लखनऊ में कुकरैल स्थित विरासत वृक्ष वाटिका के पास पौधरोपण किए जाएंगे। इसके लिए वन विभाग अपनी तैयारी कर रहा है। लखनऊ के प्रभागीय वनाधिकारी सितांशु पांडेय ने बताया कि कुछ युवाओं (भाई-बहनों) से भी संपर्क साधा गया है। कुकरैल स्थित विरासत वृक्ष वाटिका में भाई-बहन पौधरोपण करेंगे। यहां पौधरोपण के लिए लगभग अब तक दो सौ भाई-बहनों से संपर्क साधा जा चुका है। उन्हें बुलाकर यहां पौधरोपण कराया जाएगा। इस दिन वन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी पौधरोपण करेंगे।

रक्षासूत्र बांधकर पौधों की सुरक्षा का भी लेंगे संकल्प

पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए पौधरोपण अनिवार्य है। पौधरोपण के उपरांत यहां पौधों को रक्षासूत्र भी बांधा जाएगा। फिर युवा संकल्प लेंगे कि इस पौधे को पेड़ बनने तक रक्षा करेंगे। इसमें सामाजिक, सांस्कृतिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा। वन विभाग के मुताबिक हरे पौधों को रक्षासूत्र बांधकर इनकी सुरक्षा व संरक्षा का संकल्प लिया जाएगा। पेड़ छाया और ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। जिस तरह बहनें भाई को राखी बांधती हैं तो भाई सुरक्षा का विश्वास दिलाता है, उसी प्रकार पेड़ लगाकर उसे सुरक्षा का विश्वास दिलाते हुए प्रकृति के रूप में सार्थक उपहार दिया जाएगा।

एक दिन में यूपी में लगाए गए थे 36.51 करोड़ पौधे

पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ जनअभियान-2024 के तहत एक दिन (20 जुलाई) में 36.51 करोड़ पौधे लगाए गए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ, प्रयागराज व गोरखपुर में पौधरोपण किया था। 30 सितंबर तक यह अभियान चलेगा। इसके तहत रक्षाबंधन पर भी पौधे लगाए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube