सीमांचल दौरे पर गृह मंत्री, अररिया-पूर्णिया में करेंगे बैठक; नेपाल सीमा की सुरक्षा पर मंथन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर अररिया और पूर्णिया पहुंचे। सिकटी में एसएसबी कार्यक्रम में भाग लेंगे तथा नेपाल सीमा की सुरक्षा, तस्करी रोकथाम और सीमा प्रबंधन की समीक्षा करेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे विशेष विमान से सुबह लगभग 10:45 बजे अररिया जिले के सिकटी में लैंड करेंगे। इसके बाद उनका कार्यक्रम लेटी स्थित एसएसबी कैंप में प्रस्तावित है।

गृह मंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं तथा पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

अररिया प्रवास के दौरान गृह मंत्री सशस्त्र सीम बल (एसएसबी) के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इस दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था, अवैध तस्करी की रोकथाम और सीमा प्रबंधन जैसे मुद्दों पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होने की संभावना है। सीमांचल क्षेत्र नेपाल सीमा से सटा होने के कारण यहां सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है।

शाम को गृह मंत्री पूर्णिया पहुंचेंगे, जहां वे एक पांच सितारा होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। 27 फरवरी को पूर्णिया में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में सीमावर्ती जिलों के वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, खुफिया एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

इस बैठक में केंद्र सरकार की वाइब्रेंट वीलेज प्रोग्राम के प्रभावी क्रियान्वयन, सीमावर्ती गांवों के समग्र विकास, आधारभूत संरचनाओं की मजबूती तथा सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

गृह मंत्री का यह दौरा सीमांचल क्षेत्र के लिए सुरक्षा और विकास दोनों ही दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है। प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और संबंधित अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube