हाथरस से भाजपा सांसद राजवीर सिंह के निधन पर सीएम योगी ने जताया शोक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के भाजपा सांसद राजवीर सिंह दिलेर की बुधवार को हृदय गति रुकने से मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके असामयिक निधन पर गहरा दुःख प्रकट किया है। शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा है कि राजवीर सिंह दिलेर का निधन मेरी निजी क्षति है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सांसद राजवीर सिंह दिलेर का अलीगढ़ स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।

राजवीर सिंह दिलेर 2019 में हाथरस लोकसभा सीट से 2.60 लाख मतों से जीते थे। इस बार बीजेपी ने उनका टिकट काटकर अनूप वाल्मीकि को हाथरस से प्रत्याशी बनाया था। टिकट कटने के बाद भी राजवीर सिंह दिलेर लगातार पार्टी के लिए काम कर रहे थे। दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अलीगढ़ में जनसभा में वह मंच पर रहे थे। इस सीट पर 7 मई को वोटिंग होनी है। राजवीर सिंह दिलेर के पिता किशनलाल दिलेर भी भाजपा के दिग्गज नेता रहे। वह लगातार पांच बार विधायक और चार बार सांसद रहे थे।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube