देश-विदेश

महोबा में बंद मकान से युवक व लड़की के शव मिलने से लोगों में फैली सनसनी

अजनर थाना क्षेत्र के गांव में बंद मकान के अंदर युवक व युवती के शव फंदे से लटके मिलने से सनसनी फैल गई। मकान से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों की सूचना पर आए मकान मालिक अंदर गए तो घटना की जानकारी हुई।
मूलरूप से बम्हनौरा गांव निवासी रामा अहिरवार का एक मकान अजनर कस्बा में भी है। वह परिवार सहित गांव में ही रहते हैं। कस्बा के मकान में ताला लगा रहता था। शनिवार सुबह करीब दस बजे पड़ोसियों में चंद्रभान रैकवार  तेज बदबू महसूस होने पर रामा के मकान की छत पर गए। उन्हें मकान की सीढ़ी के पास बरामदे में कुंडे से दो शव लटके दिखे। उन्होंने इसकी जानकारी पड़ोस में रहने वाले दो सिपाहियों को दी। इसके बाद थाने और मकान मालिक को फोन करके जानकारी दी। कुछ देर बाद रामा अहिरवार और पुलिस मौके पर पहुंची। रामा मकान के अंदर गए तो नजारा देखकर सन्न रह गए। फांसी के फंदे पर उनके 21 वर्षीय बेटे सोनू का शव लटक रहा था। पास में ही एक लड़की का शव भी फंदे पर लटक रहा था, वहीं एक स्कूल बैग भी पड़ा था। उसकी किताबों पर कक्षा नौ और नाम के आधार पुलिस ने पहचान का प्रयास शुरू किया है। स्कूल का नाम पता नहीं चल सका है। अजनर थाना प्रभारी लाखन सिंह के साथ घटनास्थल पर कुलपहाड़ तहसीलदार विपिन कुमार पहुंचे और उनकी उपस्थिती में दोनों शव फंदे से नीचे उतारे गए। रामा ने बताया कि पुत्र सोनू दिल्ली जाने की बात कहकर करीब दस दिन पहले बैग लेकर घर से निकला था। पास के स्यावन गांव स्थित प्राइवेट स्कूल में वह सोनू कक्षा 11 में पढ़ता था। तहसीलदार ने बताया कि मकान में बाहर से ताला खुला था लेकिन अंदर से कुंडी बंद मिली है। घटना की छानबीन की जा रही है, शव देख कर अंदाजा है कि करीब दस दिन पुराने हैं।

Related Articles

Back to top button