टोक्यो ओलंपिक : महिला हॉकी टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से हराया

टोक्यो भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को करो या मरो मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 4-3 से हरा दिया। भारतीय टीम की वंदना कटारिया ने हैट्रिक लगाकर भारत को जीत दिलाई।

वंदना के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने ग्रुप ए के अपने आखिरी मुकाबले को जीतकर क्वार्टरफाइनल की उम्मीदों को बरकरार रखा। ब्रिटेन अगर आयरलैंड को आज हरा देता है तो भारत क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगा।

मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया। वंदना कटारिया ने चौथे मिनट में गोल दाग कर भारत को 1-0 की लीड दिला दी। हालांकि 15वें मिनट पर दक्षिण अफ्रीका की टैरिन ग्लास्बी ने बराबरी का गोल कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने आक्रामक खेल दिखाया। एक बार फिर वंदना ने 17वें मिनट में गोल दागकर स्कोर 2-1 कर दिया। पहले हाफ के अंतिम क्षणों में दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एरिन हंटर ने 30वें मिनट में गोल कर स्कोर एक बार फिर 2-2 से बराबर कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में नेहा गोयल ने 32वें मिनट पर गोल कर भारत की बढ़त 3-2 से कर दी, लेकिन इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने वापसी करते हुए मारिजेन मराइस के 39वें मिनट पर गोल की बदौलत स्कोर 3-3 कर दिया।

चौथे क्वार्टर में 49वें मिनट पर वंदना कटारिया ने अपना तीसरा गोल करते हुए भारत को 4-3 से आगे कर दिया जो निर्णायक साबित हुआ। इस तरह भारत ने 4-3 से दक्षिण अफ्रीका को हरा दिया।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube