श्रीलंका की नौसेना ने 23 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया

कोलंबो। श्रीलंका की नौसेना ने समुद्री जलक्षेत्र का उल्लंघन कर मछली पकड़ने के आरोप में 23 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी दो नौकाएं जब्त कर ली हैं।

श्रीलंकाई नौसेना ने गुरुवार को एक बयान में बताया कि नौसेना ने उत्तरी प्रांत में प्वाइंट पेड्रो क्षेत्र के वेत्तिलाकेनी तट पर 23 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर उनकी दो नावें जब्त की हैं। बयान में कहा गया है कि श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़े जाने से स्थानीय मछुआरा समुदाय पर पड़ने वाले प्रभाव के मद्देनजर नौसेना नियमित गश्त के साथ-साथ इन गतिविधियों को रोकने के लिए अभियान चला रही है। इस अभियान के दौरान नौसेना ने मछली पकड़ने के उपकरण और बड़ी संख्या में मछलियां भी जब्त की हैं।

नौसेना ने कहा है कि वह समुद्री जलक्षेत्र में नियमित पैट्रोलिंग करती रहेगी, जिससे अवैध शिकार को रोका जा सके। यह कदम श्रीलंका के मत्स्य संसाधनों की रक्षा और स्थानीय मछुआरों की आजीविका को सुरक्षित करने की दृष्टि से उठाया गया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले मार्च में श्रीलंकाई नौसेना ने समुद्री जलक्षेत्र के उल्लंघन के आरोप में 54 भारतीयों को गिरफ्तार किया था। कोरोना महामारी के कारण गिरफ्तार किए गए लोगों को छोड़ दिया गया था।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube