भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल में आग, तीन बच्चों की मौत

नई दिल्ली/भोपाल। राजधानी भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल के बच्चा वार्ड में सोमवार रात अचानक आग लगने से तीन बच्चों की मौत हो गई है। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं ट्वीट कर देर रात इसकी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ट्वीट कर कहा, “भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल के बच्चा वार्ड में आग की घटना दुखद है। बचाव कार्य तेजी से हुआ और आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन दुर्भाग्यवश पहले से गंभीर रूप से बीमार होने पर भर्ती तीन बच्चों को नहीं बचाया जा सका।”

आगे उन्होंने कहा है कि बच्चों का असमय दुनिया से जाना बेहद असहनीय पीड़ा है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूं। इन बच्चों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घटना में जो घायल हुए हैं, उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हो, यही मेरी कामना है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी है कि घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिये गये हैं। जांच एसीएस लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मोहम्मद सुलेमान करेंगे।

इससे पहले घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा था कि राजधानी के कमला नेहरू अस्पताल के चाइल्ड वार्ड में आग लगने की घटना दुखद है। इस वार्ड में बचाव कार्य तेजी से जारी है। प्रशासन की टीम और बचाव कर्मी मौके पर हैं। घटना पर मेरी लगातार नजर है।

उल्लेखनीय है कि अस्पताल के बच्चा वार्ड में सोमवार रात अचानक आग लग गई थी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की जानकारी मिलते ही चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भी अस्पताल पहुंच गये थे और मामले की जानकारी ले रहे थे।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार वार्ड में 40 बच्चे भर्ती थे, जिन्हें दुर्घटना के बाद आनन-फानन में दूसरी जगह शिफ्ट किया गया।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube