
भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार सोमवार यानी आज बिहार दौरे पर आ रह हैं। वह दो दिन पटना में रहेंगे। पटना एयरपोर्ट पर उनके स्वागत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सारी तैयारी पूरी कर ली है। नितिन नवीन के स्वागत के लेकर पूरा पटना बैनर और पोस्टरों से पट चुका है।
बेली रोड, फ्रेजर रोड, अशोक राजपथ समेत कई इलाकों में उनके स्वागत में पोस्टर लगाए गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। वह दो दिन कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सोमवार को बापू सभागार में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में अभिनंदन समारोह का आयोजन होगा। इसे लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह भी है।
पटना में रोड शो नहीं करेंगे नितिन नवीन
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन ने पटना में भाजपा नेताओं के साथ रोड शो किया था। इस बार भी लग रहा था कि नितिन नवीन पटना में रोड शो करेंगे। लेकिन, यह कार्यक्रम इस बार नहीं होगा। नितिन नवीन पटना एयरपोर्ट से निकल कर बापू सभागार जाएंगे। पटना एयरपोर्ट से बापू सभागार तक उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
इसके लिए पटना पुलिस ने भी तैयारी कर ली है। इधर, बापू सभागार में नितिन नवीन वहां पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में काफी उत्साह है। इसमें दोनों डिप्टी सीएम समेत सभी वरिष्ठ नेता और मंत्री शामिल होंगे।



