
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान के जेल में बिगड़ते स्वास्थ्य पर गहरी चिंता जताई है।
क्रिकेट के 14 पूर्व कप्तानों के बाद ‘दादा’ ने पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि इमरान खान का ख्याल रखा जाना चाहिए और उन्हें पर्याप्त सम्मान मिलना चाहिए।
बता दें कि गांगुली का ये बयान 14 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों द्वारा की गई उस संयुक्त अपील के समर्थन में आया है, जिसमें इमरान खान की जेल की स्थितियों में सुधार की मांग की गई है।
इमरान खान के सपोर्ट में उतरे Sourav Ganguly
मीडिया से बात करते हुए गांगुली ने कहा,
उन कप्तानों ने बिल्कुल सही कदम उठाया है। मुझे पूरा विश्वास है कि इमरान खान का उचित ख्याल रखा जाना चाहिए और उन्हें वह सम्मान मिलना चाहिए जिसके वह हकदार हैं।
-सौरव गांगुली
क्रिकेट के14 पूर्व कप्तानों ने इमरान खान की खराब होती सेहत को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। खासतौर से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद रहने के दौरान उनकी आंखों की रोशनी में आई भारी गिरावट का जिक्र किया गया है।
बता दें कि इमरान खान भ्रष्टाचार और कई अन्य आरोपों के चलते पिछले दो साल से अधिक समय से जेल में हैं। उनको लेकर ये खबरें सामने आई थी कि जेल में इमरान खान के साथ कच व्यवहार नहीं हो रहा है, जिसके चलते उनकी तबीयत खराब हो रही है। इस बीच दिग्गजों ने पाकिस्तान सरकार को चिट्ठी लिखकर कहा कि इमरान खान जैसे कद के व्यक्ति के साथ मानवीय और गरिमापूर्ण व्यवहार होना चाहिए। उन्हें उनकी पसंद के विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज कराने की अनुमति दी जानी चाहिए। उन्हें नियमित रूप से अपने परिवार से मिलने की सुविधा मिले। उनके कानूनी मामलों में बिना किसी देरी के निष्पक्ष कार्यवाही की जाए।



