
श्रीलंका के 48 यात्रियों को लेकर लुंबिनी से श्रावस्ती जा रही थी बस
मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने लगाया जाम
जाम के चलते करीब डेढ़ घंटे तक बाधित रहा आवागमन
सोनौली। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे 24 पर कुंसेरवा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास रविवार की सुबह नेपाल के लुंबिनी से श्रावस्ती जा रही एक टूरिस्ट बस ने साइकिल सवार इब्राहिम अंसारी (45) को कुचल दिया। मौके पर ही इब्राहिम की मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों का आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से लोगों को शांत कराकर जाम खुलवाया।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 7 राहुल नगर निवासी इब्राहिम अंसारी मजदूरी करता था। रविवार की सुबह वह काम के सिलसिले में ही साइकिल से नौतनवा जा रहा था। अभी वह कुंसेरवा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास पहुंचा था तभी लुंबिनी से टूरिस्ट को लेकर श्रावस्ती जा रही बस ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक बस लेकर भागने लगा। घटना से आक्रोशित स्थानीय ग्रामीणों ने बस का पीछा कर उसे छपवा टोल प्लाजा के पास पकड़ लिया। मृतक का शव सड़क पर रखकर मुआवजे और बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया। इसके चलते सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही नौतनवा क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम, सोनौली थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा के साथ नौतनवा पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और जाम खुलवाने का प्रयास किया। इसके बाद भी लोग नहीं माने। बाद में उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद व नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग मान गए। जाम के चलते करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। जाम खुलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
बस में श्रीलंका के 48 यात्री थे सवार
जिस बस से दुर्घटना हुई उसमें श्रीलंका के 48 नागरिक सवार थे। बस लुंबिनी से श्रावस्ती की ओर जा रही थी। पुलिस ने बस और शव को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक व आक्रोश का माहौल है।
निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास सुरक्षा इंतजाम न होने का आरोप
इब्राहिम दिहाड़ी मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। काम के सिलसिले में ही वह नौतनवा जा रहा था, इसी दौरान दुर्घटना हो गई। मृतक की तीन लड़कियां और एक लड़का है। घटना से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास सुरक्षा इंतजाम न होने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
वर्जन
बस और शव को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर प्राप्त हो गई है, जिस पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। आवागमन सामान्य है।
-अंकुर गौतम, सीओ



