
अमेरिका के लुइसियाना राज्य के बैटन रूज स्थित एक मॉल के फूड कोर्ट में शुक्रवार को अचानक फायरिंग होने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह हमला किसी आम व्यक्ति को निशाना बनाकर नहीं, बल्कि दो गुटों के बीच हुए विवाद का नतीजा था।
घटना दोपहर करीब 1.30 बजे शुरू हुई, जब दो समूहों के बीच बहस हुई और देखते ही देखते मामला गोलीबारी तक पहुंच गया। शुरुआत में 10 लोगों के घायल होने की खबर आई थी, लेकिन बाद में पुलिस ने स्पष्ट किया कि पांच लोग ही घायल हुए हैं। पुलिस प्रमुख टीजे मोर्स ने बताया कि इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है और अब आम लोगों के लिए कोई खतरा नहीं है।
फायरिंग के बाद मॉल में मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। एक दुकान में काम करने वाली कर्मचारी डेसायर बैटन ने बताया कि वह और उसके साथी तुरंत एक कमरे में छिप गए और पुलिस के आने तक वहीं रहे।
मॉल में मचा हड़कंप
घटना के बाद पूरे मॉल में दहशत का माहौल बन गया। कई लोगों ने बताया कि उन्होंने लोगों को रोते और भागते हुए देखा। एक प्रत्यक्षदर्शी केनेडी बार्नम ने कहा कि जैसे ही गोलीबारी की खबर मिली, सुरक्षा गार्ड ने तुरंत वहां से निकलने को कहा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी ने घटना का वीडियो बनाया है तो वह जांच में सहयोग करे। शाम तक मॉल के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा, हेलीकॉप्टर निगरानी करते रहे और इलाके में लगातार गश्त जारी रही।
मॉल पूरे दिन के लिए बंद
मॉल की प्रवक्ता लिंडसे कान ने इस घटना को ‘डरावना दिन’ बताया और कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर मॉल को पूरे दिन के लिए बंद कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



