कराची में पाक सेना के बेस पर आत्मघाती हमला करने वाले 6 हमलावर ढेर

पाकिस्तान के कराची शहर में स्थित अर्धसैनिक बल बार्डर रेंजर के मुख्यालय पर आत्मघाती हमले में 6 आतंकवादी ढेर हो गए तो वहीं, चार जवान मारे गए और कई घायल हुए हैं।

बताया गया है कि विस्फोटकों के भरा वाहन मुख्यालय भवन से टकराया गया। इसके चलते पहले विस्फोट की आवाज आई और उसके बाद फायरिंग हुई। पता चला है कि काफी देर तक दोनों ओर से फायरिंग होने के बाद स्थिति नियंत्रण में आई।

किसने किया हमला?

रॉयटर के अनुसार हमले में शामिल 6 चरमपंथी भी मारे गए हैं। जिस जगह पर यह घटना हुई उसके नजदीक ही कई विश्वविद्यालय और मौसम विभाग का कार्यालय भी है। इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है, सामान्य वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया है। तेहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के एक बेरहम चरमपंथी गुट, जमात-उल-अहरार (JuA) ने सिंध रेंजर्स मुख्यालय पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है। यह हमला ‘खुलाफा-ए-राशिदीन इस्तिशहादी ब्रिगेड’ नाम के एक आत्मघाती दस्ते ने किया था।

सिंध के सीएम ने क्या कहा?

सिंध के मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने धमाके की आवाज और कथित गोलीबारी की खबरों का संज्ञान लिया है और साथ ही कहा कि उन्होंने इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। सैयद मुराद अली शाह ने एक बयान में कहा, “पुलिस को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचना चाहिए, घटना की प्रकृति का पता लगाना चाहिए और सभी जरूरी कदम उठाने चाहिए।”

हाल के वर्षों में पाकिस्तान में पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर किए जाने वाले चरमपंथी हमलों में तेजी आई है। अधिकारियों ने ज्यादातर हिंसा के लिए पाकिस्तानी तालिबान (जिसे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान या टीटीपी के नाम से जाना जाता है) और उससे जुड़े चरमपंथी समूहों को जिम्मेदार ठहराया है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube