यूपी से बिहार-केरल तक आज कहां-कहां बारिश का अलर्ट

उत्तर भारत में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली एनसीआर से लेकर कर्नाटक, असम, केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश जारी है।

पहाड़ों पर बारिश की वजह से लैंडस्लाइड हो रहा है। लोग फंसे हुए हैं। लगातार हो रही बारिश से सड़कें पानी में डूब गई हैं। वहीं नदियों का जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्र बाढ़ की कगार पर खड़े हैं।

आज कहां-कहां होगी बारिश?

भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरलम में आज भी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, सेंट्रल महाराष्ट्र, विदर्भ, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, साउथ कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में आज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी है।

कहीं लैंडस्लाइड, कहीं बाढ़ का खतरा

असम में भारी बारिश से हालात इतने खराब हैं कि कई इलाके पानी में डूब गए हैं। निचले इलाके में रहने वाले लोग काफी परेशान हैं। राज्य में राहत और बचाव कार्य जारी है।

हिमाचल प्रदेश में भी पहाड़ों पर भारी बारिश हो रही है, जिसके चलते चंबा जिले में कोडला-उरई-घरोड़ सड़क पर पूरा पहाड़ गिर गया। पहाड़ के गिरने से सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई।

बिहार में भागलपुर के राघोपुर गांव में राघोपुर-नरकटिया तटबंध टूट गया। इस तटबंध के टूटने का असर करीब 10 हजार लोगों पर पड़ा है।

वहीं बेगूसराय में बाढ़ की स्थिति बनती दिख रही है। यहां से गुजरने वाली गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। अगर यहां हालात बिगड़ते हैं तो 50 हजार से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हो सकते हैं।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में मंगलवार, 25 अगस्त को कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर धारचूला-गुंजी के पास लैंडस्लाइड हुई, जिसके चलते सड़क पर लंबा जाम लग गया। सड़क के दोनों तरफ लोग फंसे गए।

उत्तर प्रदेश के बनारस में भारी बारिश से जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है। गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। नदी में पानी इतना बढ़ गया है कि 84 घाट जलमग्न हो गए हैं। इसके साथ ही घाट के आस-पास बसीं करीब पांच हजार दुकानें बंद हो गई हैं।

बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से तस्वीरें सामने आई हैं। वहां घुटनों तक पानी भर गया है। लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube