निवेश और उद्योग का हब बन रहा उत्तर प्रदेश, वैश्विक निवेशकों का बढ़ा भरोसा: सीएम योगी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि प्रदेश निवेश, नवाचार और उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है और बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियों और निवेश के अनुकूल माहौल से राज्य में वैश्विक निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए पिछली सरकार पर निशाना साधा। 

मुख्यमंत्री ने कहा, “वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेश आकर्षित करने की न स्पष्ट दृष्टि थी, न कोई ठोस कार्ययोजना। किन्तु डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदला।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में राज्य में सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के मंत्र के साथ निवेश तथा औद्योगिक विकास के लिए नई कार्यसंस्कृति विकसित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियों और निवेश के अनुकूल वातावरण के कारण उत्तर प्रदेश अब निवेश, नवाचार और उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

उन्होंने कहा, ”इसी बढ़ते वैश्विक विश्वास को नई ऊंचाई देने के लिए आज सिंगापुर के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश की नई संभावनाओं, वर्तमान की परियोजनाओं को गति देने और निवेश को धरातल पर उतारकर उत्पादन शुरू करने पर चर्चा होगी। आदित्यनाथ ने पोस्ट में आगे कहा कि हर निवेश से नया उद्योग, हर उद्योग से नया रोजगार और हर रोजगार से परिवारों में खुशहाली, इसी संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। 

Loading...

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me