दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर घने कोहरे की वजह से रोकी गईं सभी फ्लाइट्स

राजधानी दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में कोहरे (Dense Fog) का कहर जारी है। इसका असर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी पड़ा है। यहां से उड़ान भरने वाली सभी फ्लाइट्स को रोक दिया गया है।

मालूम हो कि उत्तर भारत के बड़े हिस्से में ठंड का कहर जारी है। श्रीनगर में रविवार रात में शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया, जो कि पिछले 11 साल में सबसे कम था। पर्यटकों के बीच मशहूर डल झील आंशिक रूप से जम गया। पंजाब के अमृतसर में भी तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कश्मीर घाटी चिल्लै कलां की गिरफ्त में      

कश्मीर इस वक्त चिल्लै कलां की गिरफ्त में है। 40 दिन की इस अवधि के दौरान सबसे अधिक सर्दी महसूस की जाती है। बर्फबारी भी अधिक होती है। इससे अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में निरंतर गिरावट देखी जाती है। चिल्लै कलां 31 जनवरी को खत्म हो जाता है। वैसे, कश्मीर में इसके बाद भी शीतलहर जारी रहती है।

पंजाब-हरियाणा में शीतलहर 

पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का प्रकोप सोमवार को भी जारी रहा। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि अमृतसर और हलवारा का न्यूनतम तापमान एकसमान ही रहा और दोनों राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। अधिकारी ने बताया कि आदमपुर में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बठिंडा का न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा। हरियाणा में करनाल सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां पर न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबाला और हिसार में न्यूनतम तापमान क्रमश: 3.8 और 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube