हापुड़ से एक और संदिग्ध गिरफ्तार, 6 दिन की एनआईए हिरासत में

नई दिल्ली : दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने फिदायीन हमलों की साज़िश रचने के आरोप में पकड़े गए आईएस संदिग्ध की निशानदेही पर उत्तर प्रदेश के हापुड़ से गिरफ्तार मोहम्मद अबसर को 6 दिनों की एनआईए हिरासत में भेज दिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एनआईए ने 11 जनवरी की रात में गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ में छापेमारी की थी। एनआईए के मुताबिक अबसर हापुड़ के पिप्लेरा गांव के जामिया हुसैनिया अबुल हसन कॉलेज में पढ़ाता है। इससे पहले आज ही पटियाला हाउस कोर्ट ने दो आईएस संदिग्धों सुहैल और साकिब को 6 फरवरी तक की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में गिरफ्तार बाकी आठ आरोपित पहले से न्यायिक हिरासत में हैं।

सुहैल और साकिब की एनआईए हिरासत शनिवार को खत्म हो रही थी, जिसके बाद एनआईए ने आज दोनों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया था। पिछले 7 जनवरी को कोर्ट ने सुहैल और साकिब को शनिवार तक की एनआईए हिरासत में भेजा था। 26 दिसम्बर, 2018 को एनआईए ने उन दस संदिग्धों को उत्तर प्रदेश और दिल्ली से गिरफ्तार किया था। 27 दिसम्बर, 2018 को कोर्ट ने सभी अभियुक्तों को 12 दिनों की एनआईए हिरासत में भेज दिया था। एनआईए ने इनके पास से उत्तर प्रदेश और दिल्ली के करीब 17 जगहों पर छापे मारे थे। ये सभी संदिग्ध हरकत उल हर्ब-ए-इस्लाम से जुड़े हुए हैं। इन पर आरोप है कि ये भीड़ भाड़ वाले इलाकों में विस्फोट करने के फिराक में थे। इनके पास से एनआईए ने एक रॉकेट लॉन्चर, 12 पिस्तौल और 25 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया था।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube