पार्टी से नाराज चल रहीं कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने दिया इस्तीफा

नई दिल्ली : कांग्रेस प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने शुक्रवार को अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, पार्टी में मेहनत से काम करने वालों की कोई कद्र नहीं। यहां ऐसे लोगों को संरक्षण मिल रहा है, जो दूसरों को अपमानित करते हैं और गाली गलौज करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए उन्होंने गालियां और पत्थर खाए हैं। इसके बावजूद पार्टी में रहने वाले नेताओं ने ही उन्हें धमकियां दीं। जो लोग धमकियां दे रहे थे, वह बच गए हैं। उनको बिना किसी कार्रवाई के बचा लिया गया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

चतुर्वेदी ने अपने ट्विटर प्रोफाइल से कांग्रेस प्रवक्ता पद को हटा दिया है। उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन फोन बंद होने के कारण संपर्क नहीं हो पाया। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले राफेल मुद्दे पर प्रियंका चतुर्वेदी ने मथुरा में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनके साथ बदसलूकी की थी। इसकी शिकायत प्रियंका ने आलाकमान से की थी और कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई भी हुई थी। ज्योतिरादित्य सिंधिया के कहने पर ये कार्रवाई रद्द कर दी गई थी, जिसके कारण प्रियंका चतुर्वेदी काफी नाराज हुईं और उन्होंने कांग्रेस से त्यागपत्र दे दिया।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube