बीजेपी के प्रचार में जुटे पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यूपी के प्रतापगढ़ में चुनावी रैली की

लोकसभा चुनाव 2019 के तहत बीजेपी के प्रचार में जुटे पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को यूपी के प्रतापगढ़ में चुनावी रैली की. इस दौरान उन्‍होंने कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा. उन्‍होंने कहा, ‘मैंने भारत माता के लिए तपस्‍या की है. नामदार मेरी 50 साल की तपस्‍या को धूल में नहीं मिला सकते है.

उन्‍होंने कहा कि कल तक कांग्रेस के नामदार कहते थे कि वो मोदी के प्रभाव से डरते हैं. अब वो कहने लगे हैं कि मोदी से तब तक नहीं जीत सकते, जब तक मोदी की मेहनत और मोदी की देशभक्ति पर दाग न लग जाए. नामदार कान खोलकर सुन लो, ये मोदी सोने की चम्मच लेकर और राज परिवार में पैदा नहीं हुआ है. ये मोदी भारत मां की धूल फांककर बड़ा हुआ है. ये मोदी 5 दशक तक बिना रुके बिना थके, सिर्फ भारत माता के लिए जिया है और भारत माता के लिए तपस्या की है.

पीएम मोदी ने कहा कि 4 चरणों के मतदान के बाद उत्तर प्रदेश के लोगों ने तय कर दिया है कि नतीजे क्या आने वाले हैं. अब पांचवे चरण से पहले अगर ये महामिलावटी लोग आपका ये उत्साह देख लेंगे तो शायद मैदान ही छोड़ देंगे. उन्‍होंने सपा-बसपा पर भी हमला बोला.

उन्‍होंने कहा कि अब ये साफ हो चुका है कि समाजवादी पार्टी ने गठबंधन के बहाने बहन मायावती का तो फायदा उठा लिया, लेकिन अब बहन जी को समझ आ गया है कि सपा और कांग्रेस ने बहुत बड़ा खेल खेला है. अब बहन जी खुले आम कांग्रेस और नामदार की आलोचना करती हैं.

पीएम मोदी ने इस दौरान शायराना अंदाज में भी अपने विरोधियों पर निशाना साधा. उन्‍होंने कहा, ‘न मैं गिरा और न मेरी उम्मीदों के मीनार गिरे, पर कुछ लोग मुझे गिराने में कई बार गिरे.’ उन्‍होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों को मजबूत भारत के लिए, मजबूत सरकार के अपने संकल्प पर अडिग रहना है. मजबूर और अवसरवाद की इस महामिलावट का पंजा बहुत खतरनाक है.

पीएम मोदी ने कहा कि महामिलावट के इस पंजे के 5 भयानक खतरे हैं. पहला खतरा- भ्रष्टाचार, दूसरा खतरा – अस्थिरता, तीसरा खतरा – जातिवाद, चौथा खतरा – वंशवाद और पांचवां खतरा- कुशासन है. कांग्रेस के नामदार किसानों की जमीन पर ट्रस्ट के नाम पर कब्जा करते हैं और फिर उसको हड़प लेते हैं. किसानों से जमीन लेते हैं फैक्ट्री के नाम पर और उस पर अपने लिए नोटों की खेती करते हैं. यहां अमेठी में तो यही हुआ था ना.

उन्‍होंने कहा कि आज सुबह ही मैं पढ़ रहा था कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी तब नामदार के एक बिजनेस पार्टनर को कैसे रक्षा सौदों में शामिल किया गया था. सरकार भी अपनी, दोस्त भी अपना और रक्षा सौदा भी बड़ा यानी नामदार के लिए मलाई का पूरा इंतजाम था. महामिलावट वालों का इतिहास जिस तरह देश की सुरक्षा से खिलवाड़ का रहा है, ये लोग देश के भविष्य को भी बर्बाद करने में कोई कसर बाकी नहीं रखेंगे.

पीएम मोदी ने कहा कि हमने आतंकवाद को सीमा के एक बहुत छोटे हिस्से तक समेट दिया है. ऐसा इसलिए हो पा रहा है क्योंकि हम आतंक पर देश के भीतर और सीमापार दोनों जगह सीधा प्रहार कर रहे हैं. वोट के लिए हम किसी आतंकी की जात नहीं देख रहे.

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube