पहाड़ों पर बर्फबारी से तापमान में गिरावट, अब बढ़ेगी ठंड

दिल्ली में तेज हवा से ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। लोगों को सर्दी महसूस होने लगी है, साथ ही गर्म कपड़े भी निकलने लगे हैं। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अब इस ठंड में धीरे-धीरे इजाफा ही होगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी। मंगलवार को आसमान साफ था, लेकिन सुबह से ही तेज हवा चल रही थी।

इससे धूप में भी ठंड का एहसास होता रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 26 और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 53 से 96 फीसद रहा। मुंगेशपुर, पालम और जाफरपुर सबसे ठंडे इलाके रहे। यहां अधिकतम तापमान क्रमश: 24.3, 26.6 एवं 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

आज से और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी हो जाएगा। यह पहाड़ों की ठंडक को दिल्ली लेकर आएगी और यहां ठंड बढ़ाएगी। स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार, बुधवार से शुक्रवार तक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी दोनों हो सकती है। इसका असर मैदानी इलाकों में भी नजर आएगा। दिल्ली में भी ठंड बढ़ेगी और अधिकतम एवं न्यूनतम दोनों ही तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी

बारिश से प्रदूषण के स्तर में हुई गिरावट

बता दें कि अभी हाल में ही दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद से माना जाने लगा कि अब सर्दी और बढ़ने वाली है। हालांकि अभी भी सर्दी का एहसास लोगों को होता है लेकिन अब जल्द ही तेज सर्दी पड़ने की उम्मीद बढ़ गयी है। हल्की बारिश होने से प्रदूषण के स्तर में भी गिरावट दर्ज की गई है। नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी प्रदूषण के स्तर में गिरावट दर्ज की गई है।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube