MP में कांग्रेस की सरकार बनी तो 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ : राहुल

उज्जैन : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन और पूजन करने के बाद मध्यप्रदेश में अपने दो दिवसीय चुनावी प्रचार अभियान की शुरुआत की। उज्जैन के दशहरा मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में उन्होंने घोषणा की कि अगर मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी, तो 10 दिन में किसानों का कर्जा माफ होगा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं कोरे वादे नहीं करता हूं। प्रदेश में हमारी सरकार बनने के दस दिन के भीतर कांग्रेस किसानों का लोन माफ कर देगी और अगर मुख्यमंत्री इसमें कोई बहाने बनाते हैं, तो दूसरा सीएम किसानों का कर्जा माफ करेगा। उन्होंने कहा कि उज्जैन में हुए महाकुंभ में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। प्रदेश सरकार ने महाकुंभ का खर्चा दस गुना बढ़ाया और उस पैसे का बेजा दुरुपयोग किया गया। मांग उठ रही है कि सीबीआई जांच होनी चाहिए।

उन्होंने व्यापमं के मुद्दे से लेकर क्षिप्रा शुद्धिकरण अभियान में हुए भ्रष्टाचार को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि क्षिप्रा उज्जैन की जीवनदायिनी नदी है। इसकी सफाई के चलाए गए अभियान में 400 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए, लेकिन आज भी क्षिप्रा का पानी गंदा है। करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी क्षिप्रा साफ नहीं हुई। उन्होंने मंच पर ही क्षिप्रा नदी का गंदा पानी मंगा लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धर्म की बात करती है, लेकिन उनका धर्म भ्रष्टाचार है। राहुल गांधी ने प्रदेश में बिजली बिल नहीं भरने की वजह से लोगों पर हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि यहां एक महिला को बिना बिजली जलाए ही एक लाख का बिल थमा दिया गया था। वो बिल नहीं भर पाई तो जेल में डाल दिया गया।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube