Table Tenis : घाना जूनियर एवं कैडेट ओपन में भारत ने 12 पदक जीते

महाराष्ट्र की अनन्या चांदे और दिया चिटाले ने सात स्वर्ण सहित नौ पदक जीते

नई दिल्ली : घाना के आक्रा शहर में हुए आईटीटीएफ जूनियर सर्किट इवेंट-घाना जूनियर एवं कैडेट ओपन में भारतीय युवा टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 12 पदक अपने नाम किए। इन 12 पदकों में सात स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। महाराष्ट्र की अनन्या चांदे और दिया चिटाले ने सात स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य सहित कुल नौ पदक जीते। लड़कियों के जूनियर एकल मुकाबले में दिया चिटाले ने पहला स्वर्ण जीता और फिर मॉरीशस की नंदेश्वरी जालिम के साथ मिलकर दो और स्वर्ण अपने नाम किए। दिया और जालिम ने जूनियर युगल और टीम वर्ग का स्वर्ण अपने नाम किया और हैट्रिक पूरी की।

अनन्या चांदे ने दिया को भी पीछे छोड़ते हुए चार स्वर्ण अपने नाम किए। सबसे पहले अनन्या ने लड़कियों के मिनी कैडेट एकल का खिताब जीता और फिर कैडेट एकल, युगल और टीम वर्ग में भी स्वर्ण जीता। अनन्या ने इसके बाद जूनियर युगल(इंग्लैंड की रुबी चान के साथ) में रजत और फिर लड़कियों के जूनियर एकल में कांस्य जीता। इनके अलावा, मैनाक निस्ताला और अर्नव मनोज कार्नावार ने भी शानदार सफलता हासिल करते हुए लड़कों के युगल और टीम स्पर्धा में दो रजत पदक जीते। फाइनल में इन दोनों को नाइजीरियाई जोड़ीदारों के हाथों हार मिली। अर्नव ने लड़कों के कैडेट एकल वर्ग में भी कांस्य जीता। वह सेमीफाइनल में नाइजीरिया के जामीयू के हाथों 2-3 से हार गए।

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube