अमृतपाल सिंह ने पंजाब पुलिस के सामने किया सरेंडर

चंडीगढ़। अलगाववादी नेता और खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह ने मोगा पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया है। मोगा के एसएसपी जे इलांचेजियन ने हालांकि अभी इस बारे में जानकारी देने से इनकार किया है। उनका कहना है कि हम पुलिस मुख्यालय के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं। सूत्रों ने लेकिन इस बात की पुष्टि की है कि सरेंडर के बाद अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस के द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया है।

आपको बता दें कि अमृतपाल सिंह करीब एक महीने से पुलिस को चकमा दे रहा था। वह इस दौरान भेष बदलकर खुद को पुलिस की नजरों से बचा रहा था। पुलिस ने उसे भगोड़ा घोषित किया था।

एक महीने से पुलिस को छका रहा था अमृतपाल

कट्टरपंथी अमृतपाल सिंह पुलिस को करीब एक महीना से चकमा दे रह रहा था। वह केवल सीसीटीवी फुटेज में नजर आ रहा था। कई प्रदेशों में सर्च अभियान के बावजूद वह पकड़ में नहीं आ सका था। पुलिस ने 18 मार्च को अमृतपाल सिंह और उसके संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की थी। अमृतपाल और उसके सहयोगियों पर विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य फैलाने, हत्या के प्रयास, पुलिस कर्मियों पर हमले और लोक सेवकों के काम में बाधा डालने से संबंधित कई आपराधिक मामलों में प्रकरण दर्ज किया गया है।

अमृतपाल पर क्यों हो रही कार्रवाई?

अमृतपाल सिंह सबसे पहले 23 फरवरी को चर्चा में आया था। उसने अजनाला में अपने करीबी को छुड़ाने के लिए हजारों समर्थकों के साथ अजनाला थाने पर हमला बोल दिया था। इस हमले में 6 पुलिसकर्मी जख्मी हुए थे। इसके बाद उसने कई टीवी चैनलों में दिए इंटरव्यू में अलग खालिस्तान की मांग की थी। अमृतपाल की तुलना खालिस्तानी आतंकी भिंडरावाले से भी की जा रही है।

एयरपोर्ट पर पत्नी को भी रोका गया

हाल ही में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की पत्नी किरणदीप कौर को ब्रिटेन जाने से रोक दिया गया था। पुलिस और खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने अमृतसर के श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पूछताछ के बाद उन्हें अमृतपाल के गांव जल्लूपुर खेड़ा भेज दिया। शादी के बाद वह पहली बार लंदन जा रही थीं। किरणदीप कौर को 1:30 बजे निर्धारित एयर इंडिया की उड़ान से बर्मिंघम जाना था। चूंकि उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी था, इसलिए आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें यात्रा करने की अनुमति नहीं दी।

 

 

Related Articles

Back to top button
X (Twitter)
Visit Us
Follow Me
YouTube
YouTube